रांची
CM आवास का घेराव मामले में जेबीकेएसएस के नेता देवेंद्रनाथ महतो सहित 1500 आंदोलनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इन सभी पर गैर जमानती धाराएं लगाई गयी हैं। मिली खबर के मुताबिक इन धाराओं में एटेंम्ट टू मर्डर, राज्य सरकार के खिलाफ उसकाने, सरकारी काम में बाधा डालने एवं तोड़फोड़ जैसी धाराएं लगाई गई हैं। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को राज्य के आंदोलनरत सहायक पुलिस कर्मियों को समर्थन देने दौरान प्रशासन द्वारा लाठी चार्ज किया गया था। इसमें देवेंद्रनाथ महतो घायल हो गये हैं।
बता दें कि आंदोलन स्थल पर मौजूद दंडाधिकारी संजय कुमार के द्वारा लालपुर थाना केस कांड संख्या 185/24 दर्ज करायी गयी है। इसमें देवेंद्रनाथ महतो, संतोष महतो, अविनाश कुमार द्विवेदी, विवेकानंद गुप्ता, उज्जवल कुमार, शांति मुंडा, विवेक राम, राजेंद्र हसदा, मोहित कुमार, सोनाली हेंब्रम, स्मिता कुमारी, अमित कुमार, शैलेंद्र कुमार, ममता कुमारी, शुभम कुमार दुबे, समीर कुमार प्रधान, इंद्रदेव मुंडा, किरण कुमारी, पूनम कुमारी, करिश्मा टोप्पो सहित अज्ञात 1500 पर केस दर्ज किया गया है।
बताते चलें कि देवेंद्रनाथ महतो विशेष प्रशासनिक निगरानी में रिम्स अस्पताल में पिछले 5 दिनों से इलाजरत हैं। शुभचिंतक एवं परिजनों को पहचान पत्र एवं विभिन्न जांचों उपरांत ही मिलने दिया जा रहा है। कल रविवार को महतो से मिलने झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पहुंचे थे। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए बेसरा ने कहा कि रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज की हम निंदा करते हैं।